
गेवरा-दीपका, कोरबा।कोरबा जिले के ग्राम मलगांव हरदी-बाजार दीपका निवासी राजेश कुमार जायसवाल ने अपने पिता की उपचार के दौरान हुई मृत्यु को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने बिलासपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, संभाग आयुक्त समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को लिखित ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।राजेश जायसवाल ने शिकायत में बताया कि उनके 81 वर्षीय पिता स्वर्गीय उदय नारायण जायसवाल को 14 अप्रैल 2026 को दाहिने पैर में तेज दर्द की शिकायत होने पर बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उपचार के दौरान 27 अप्रैल 2026 को उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि मृत्यु संदिग्ध एवं रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई, जिससे अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा मृत्यु के कारणों को लेकर संतोषजनक एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि उपचार में लापरवाही अथवा अन्य गंभीर कारणों के चलते यह घटना हुई हो सकती है।
इसलिए पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाना आवश्यक है, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।ज्ञापन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही अस्पताल में भर्ती से लेकर मृत्यु तक की समस्त चिकित्सकीय प्रक्रिया, उपचार संबंधी दस्तावेजों तथा संबंधित चिकित्सकों की भूमिका की विस्तृत जांच कराने की भी मांग की गई है।

राजेश जायसवाल ने बताया कि इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टोरेट बिलासपुर में भी लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया है। उनका कहना है कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे कानूनी प्रक्रिया का सहारा ले रहे हैं और पूरे मामले को सार्वजनिक रूप से भी सामने लाएंगे।

बिलासपुर में होगी प्रेस वार्ताराजेश जायसवाल ने जानकारी दी कि अपोलो अस्पताल में उनके पिता के उपचार एवं मृत्यु से जुड़े मामले को लेकर शीघ्र ही बिलासपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। इस दौरान वे मामले से संबंधित दस्तावेज, तथ्यों एवं शिकायत के प्रमुख बिंदुओं को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करेंगे तथा निष्पक्ष जांच की मांग को प्रमुखता से उठाएंगे।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

