कोरबा, 28 जुलाई। ग्राम पंचायत नकटीखार, तेलवाडीह अंतर्गत आश्रित ग्राम भालुसटका निवासी जीवनदास पिता स्व. सुकृत दास ने कलेक्टर कोरबा को आवेदन सौंपकर कोटवार पद पर नियुक्ति की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि वे पिछले लगभग 40 वर्षों से शासन-प्रशासन एवं ग्राम पंचायत के विभिन्न कार्यों में बिना वेतन एवं भत्ते के सेवा दे रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित रूप से कोटवार पद पर नियुक्ति नहीं दी गई।

आवेदन में जीवनदास ने बताया है कि उन्होंने पूर्व में भी कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन प्रस्तुत किया था। उनका कहना है कि 29 दिसंबर 2023 को ग्राम सभा का प्रस्ताव पारित कर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई।

आवेदक ने आरोप लगाया है कि संबंधित प्रक्रिया में अनियमितता बरतते हुए उनकी जानकारी एवं ग्राम पंचायत के प्रस्ताव की अनदेखी कर दूसरे व्यक्ति को कोटवार पद पर नियुक्त कर दिया गया। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में रिश्वत एवं पक्षपात की आशंका व्यक्त करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
जीवनदास का कहना है कि वे वर्षों से ग्राम हित में सेवाएं देते आ रहे हैं, इसलिए उनके साथ न्याय होना चाहिए। उन्होंने कलेक्टर से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा पात्रता के आधार पर उन्हें कोटवार पद पर नियुक्त करने की मांग की है।—
जारीकर्ता नवा छत्तीसगढ़ न्यूज़सत्य • जनता की आवाज़
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

