कोरबा, 30 मई 2026।बालको क्षेत्र के स्थानीय बेरोजगार मजदूरों ने वेदांता (बालको) के अधीनस्थ कार्यरत विभिन्न कंपनियों में स्थानीय युवाओं एवं मजदूरों को रोजगार में प्राथमिकता दिए जाने की मांग उठाई है।

इस संबंध में मूल निवासी संघ छत्तीसगढ़, बालको नगर के अध्यक्ष आकाश कुमार दिव्य के नेतृत्व में आबकारी, श्रम, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री छत्तीसगढ़ शासन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया है कि बालको गार्डन, जीटी हॉस्टल के पीछे स्थित वर्दन अपार्टमेंट निर्माण कार्य सहित अन्य परियोजनाओं में कार्यरत कंपनियों द्वारा बाहरी राज्यों के श्रमिकों को रोजगार दिया जा रहा है, जबकि स्थानीय बेरोजगार मजदूरों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
स्थानीय मजदूरों का कहना है कि रोजगार की मांग को लेकर कई बार संबंधित कंपनियों एवं यूनियनों से संपर्क किया गया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र के लगभग 30 से 40 पुरुष मजदूर तथा 50 से 60 महिला मजदूर रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के कारण उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा आउटसोर्सिंग के माध्यम से बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय श्रमिकों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय मजदूरों ने मंत्री से मांग की है कि बालको वेदांता एवं उसके अधीनस्थ कार्यरत कंपनियों में स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आजीविका के बेहतर अवसर मिल सकें।ज्ञापन की प्रतिलिपि टाउनशिप बालको प्रशासन एवं कलेक्टर कोरबा को भी प्रेषित की गई है।
स्थानीय श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे जनआंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।जारीकर्ता:मूल निवासी संघ छत्तीसगढ़, बालको नगरकोरबा (छत्तीसगढ़)दिनांक: 30 मई 2026।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

