कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर ओरिएंटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, कोरबा में एक प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज कोरबा की बहनों को विशेष मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम में बीके रुक्मणी दीदी, बीके बिंदु दीदी एवं बीके लीना दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्राओं द्वारा बीके बहनों का पुष्पगुच्छ, बैज एवं स्मृति चिन्ह देकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर नर्सिंग छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य एवं सेवा भावना पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।





कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके रुक्मणी दीदी ने कहा कि नर्स समाज की सच्ची सेवाधारी होती हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा कर मानवता का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कहा कि सेवा के साथ यदि मन में सकारात्मकता एवं आध्यात्मिक शक्ति हो, तो व्यक्ति हर परिस्थिति में शांत एवं प्रसन्न रह सकता है। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
बीके बिंदु दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के समय में चिकित्सा क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों पर मानसिक दबाव अधिक रहता है। ऐसे समय में आत्मिक चेतना एवं मेडिटेशन व्यक्ति को आंतरिक शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे केवल कुशल नर्स ही नहीं, बल्कि संवेदनशील एवं संस्कारवान व्यक्तित्व भी बनें।
बीके लीना दीदी ने कहा कि नर्सिंग सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि करुणा, दया और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन कुछ समय स्वयं के लिए निकालकर सकारात्मक चिंतन एवं ध्यान अभ्यास करने का संदेश दिया, जिससे जीवन में संतुलन एवं शांति बनी रहती है।
कॉलेज की प्राचार्य रचना गाड़िया ने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस हमें उन सभी नर्सों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर देता है, जो अपनी निस्वार्थ सेवा से समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बीके बहनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी विचार छात्राओं के जीवन में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा नर्सिंग सेवा को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया। अंत में सभी अतिथियों एवं छात्राओं को ईश्वरीय सौगात एवं प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.




