कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम, उद्योग एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन से आज दिव्यांगजनों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर दिव्यांगजनों को स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में पुनः विस्तृत निवेदन पत्र प्रस्तुत किया।प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री महोदय को अवगत कराया कि समाज की मुख्यधारा में दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए केवल अस्थायी अवसर पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि उनकी योग्यता, कौशल एवं क्षमता के अनुरूप स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।

इससे दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनेंगे और अपने परिवार के साथ सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकेंगे।इस अवसर पर कोरबा जिले के अनेक दिव्यांगजन भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में रोजगार, कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण तथा शासकीय एवं औद्योगिक संस्थानों में दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से आग्रह किया कि जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं विभिन्न विभागों में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण एवं नियोजन संबंधी प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि दिव्यांगजनों के हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल करते हुए संबंधित विभागों से आवश्यक चर्चा की जाएगी तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में यथासंभव प्रयास किए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम उठाएगी, जिससे उन्हें सम्मानजनक एवं स्थायी रोजगार प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर उपस्थित सभी दिव्यांगजनों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों एवं रोजगार संबंधी मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखने का संकल्प भी दोहराया। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री महोदय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मुलाकात दिव्यांगजनों के हित में सकारात्मक पहल साबित होगी।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

