दिनांक : 16 जून 2026स्थान : दीपका, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)
नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने पाली रोड दीपका में संचालित देशी शराब भट्टी को तहसील रोड एवं गोबरधोरा वार्ड क्रमांक 01 में स्थानांतरित कर संचालित किए जाने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए कलेक्टर को आपत्ति पत्र सौंपा है।

पार्षद ने अपने पत्र में कहा है कि प्रस्तावित स्थान वार्ड क्रमांक 01 के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है। यहां शराब भट्टी के संचालन से सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की है।आपत्ति के प्रमुख बिंदु
1. स्कूल के समीप प्रस्तावित स्थान प्रस्तावित शराब भट्टी प्राथमिक शाला बिंझवारपारा स्कूल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित बताई जा रही है। ऐसे में विद्यार्थियों के शैक्षणिक माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।
2. गैस एजेंसी की निकट प्रस्तावित स्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर गैस एजेंसी संचालित है। शराब भट्टी में आने-जाने वाली भीड़ एवं संभावित अव्यवस्था के कारण सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
3. पेट्रोल पंप के पास संचालन पर चिंता शराब भट्टी से लगभग 200 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप स्थित है। ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण वाले ऐसे क्षेत्र के समीप शराब दुकान का संचालन सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं माना जा रहा है। स्थानीय लोग इसे गंभीर विषय मानते हुए विरोध जता रहे हैं।
4. घनी आबादी के बीच प्रस्तावित स्थल यह स्थान घनी बस्ती के मध्य स्थित है, जहां बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं। शराब भट्टी खुलने से क्षेत्र में शांति व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा तथा सामाजिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की गई है।
5. तहसील कार्यालय की निकट प्रस्तावित स्थल के समीप तहसील कार्यालय स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे प्रशासनिक परिसर के निकट शराब भट्टी का संचालन आमजन की सुविधा और गरिमा के अनुरूप नहीं माना जा रहा है।
6. धार्मिक आस्था से जुड़े स्थल के समीप प्रस्तावित स्थानीय लोगों के अनुसार प्रस्तावित स्थान के निकट पूजनीय मां सरकी माता मंदिर स्थित है। धार्मिक स्थलों के आसपास शराब भट्टी खोले जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और सामाजिक असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

7. देवस्थल की निकटता पर भी आपत्ति क्षेत्र में पूजनीय देवस्थल डोंही भी प्रस्तावित स्थल के पास स्थित है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थानों के समीप शराब भट्टी का संचालन क्षेत्र की परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के विपरीत होगा।पार्षद कमलेश जायसवाल ने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 01 की जनता की भावनाओं एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रस्तावित शराब भट्टी के स्थानांतरण पर रोक लगाई जाए।

नागिन झोरकी गांव को नशामुक्त बनाने की दिशा में यहां की महिलाएं, पुरुष एवं वरिष्ठ नागरिक लंबे समय से सक्रिय हैं। गांव में पहले से ही नशे और अवैध शराब के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तथा ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया है।ग्रामीणों का कहना है कि कुछ माह पूर्व गांव में हुई रानू साहू की हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना के पीछे नशे की प्रवृत्ति और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां एक प्रमुख कारण थीं। इस दर्दनाक घटना से सबक लेते हुए गांव की महिलाओं, पुरुषों एवं बुजुर्गों ने बैठक कर गांव में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया था।इसी बीच ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कुछ लोग आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से अपनी निजी जमीन पर शराब भट्टी/शराब दुकान संचालित कराने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे कुछ राजनैतिक व्यक्तियों को आर्थिक लाभ अवश्य होगा, लेकिन पूरे गांव का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा और महिलाओं, युवाओं तथा बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव पहले से ही नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब इस प्रकार शराब दुकान खोलने का प्रयास गांव के सामूहिक लक्ष्य के विपरीत है।
उनका आरोप है कि व्यक्तिगत स्वार्थ को जनहित से ऊपर रखना जनभावनाओं के साथ अन्याय है और इससे संबंधित राजनीतिक दल का चरित्र एवं जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता भी सवालों के घेरे में आती है।वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद एवं वार्डवासियों ने प्रस्तावित शराब दुकान का घोर विरोध करते हुए प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है की यदि जनता की आपत्तियों की अनदेखी कर शराब भट्टी का संचालन किया जाता है, तो स्थानीय नागरिक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
जारीकर्ता : वार्ड क्रमांक 1 के नागरिकगण एवं नशामुक्ति अभियान से जुड़े ग्रामीणदीपका, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

