दीपका, कोरबा।
ग्राम दीपका निवासी रामप्रवेश शर्मा द्वारा जिला कलेक्टर कोरबा को आवेदन प्रस्तुत कर पाली रोड स्थित वर्षों पुराने विश्वकर्मा मंदिर को अवैध कब्जा बताकर की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने तथा मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
आवेदन में बताया गया है कि लगभग वर्ष 1990 के आसपास ग्राम दीपका एवं ग्राम झाबर के ग्रामीणों, गणमान्य नागरिकों तथा तत्कालीन ग्राम पंचायत के सहयोग एवं सहमति से सामाजिक और धार्मिक उद्देश्य हेतु विश्वकर्मा मंदिर का निर्माण कराया गया था। मंदिर में भगवान विश्वकर्मा, हनुमान जी, भैरव बाबा एवं गौरी-गोपाल की विधिवत स्थापना की गई है तथा विगत लगभग 36 वर्षों से यहां नियमित पूजा-पाठ, धार्मिक आयोजन एवं सामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
आवेदनकर्ता के अनुसार मंदिर परिसर का उपयोग सामाजिक कार्यक्रमों एवं विवाह आयोजनों के लिए भी नि:शुल्क रूप से किया जाता रहा है। ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण भी कराया गया है, जिस पर लाखों रुपये व्यय किए गए हैं।
रामप्रवेश शर्मा ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा व्यक्तिगत द्वेषवश मंदिर को अवैध कब्जा बताकर मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है तथा कथित रूप से अवैध धनराशि की मांग कर दबाव बनाया जा रहा है। धनराशि नहीं देने पर नगर पालिका परिषद दीपका में शिकायत प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर बिना निष्पक्ष जांच एवं सीमांकन के नोटिस जारी कर दिया गया।
उन्होंने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि मंदिर का निर्माण नगर पालिका परिषद दीपका के गठन से पूर्व ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की सहमति से हुआ था तथा मंदिर का एक हिस्सा ग्राम झाबर की सीमा में स्थित है। साथ ही पिछले 15-20 वर्षों में किसी प्रकार का नया निर्माण या अतिरिक्त कब्जा नहीं किया गया है।
आवेदन के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की गई है कि नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा जारी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, मंदिर स्थल का निष्पक्ष सीमांकन एवं जांच कराई जाए तथा झूठी शिकायत एवं मानसिक प्रताड़ना करने वालों के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए।
स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने भी मंदिर की धार्मिक भावनाओं एवं सामाजिक महत्व को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर न्यायपूर्ण निर्णय लेने की मांग की है।

Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.




