कोरबा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत रजगामार पंचायत में चल रहे सड़क नवीनीकरण कार्य की गुणवत्ता एवं अधूरे निर्माण को लेकर सामाजिक संगठन जन चिंतक मंच ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संगठन ने सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा रुके हुए निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

संगठन के प्रदेश संगठन महाप्रमुख अरुण कुमार सरकार ने बताया कि रजगामार पंचायत अंतर्गत ज्ञानदीप स्कूल से शासकीय प्राथमिक विद्यालय, रजगामार बस्ती तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क मरम्मत एवं नवीनीकरण का कार्य अप्रैल माह में प्रारंभ हुआ था। निरीक्षण के दौरान संगठन ने पाया कि निर्माण कार्य में आवश्यक रोलर मशीन का उपयोग नहीं किया जा रहा था, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार के कर्मचारियों से दूरभाष पर संपर्क करने पर कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि रोलर मशीन खराब है और एक-दो दिनों में मशीन उपलब्ध होने के बाद कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा। लेकिन आश्वासन के कई महीने बाद भी सड़क मरम्मत कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ और निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है।

जन चिंतक मंच का कहना है कि अधूरी सड़क के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं आम राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा की जाए तथा यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जन चिंतक मंच ने यह भी आग्रह किया है कि रुके हुए सड़क नवीनीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
रिपोर्ट: नवा छत्तीसगढ़ न्यूज़, कोरबा
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

