कोरबा। सामाजिक कार्यकर्ता उदय चौधरी ने सिरकी मोड़, तिवरता, दीपका एवं गेवरा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था, भारी वाहनों के दबाव तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को लेकर जिला कलेक्टर, कोरबा को ज्ञापन सौंपते हुए नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती एवं प्रभावी यातायात प्रबंधन की मांग की है।



उदय चौधरी ने बताया कि यह क्षेत्र एशिया के सबसे बड़े कोयला खनन क्षेत्रों में शामिल है, जहाँ प्रतिदिन हजारों की संख्या में हाइवा, डंपर एवं ट्रक संचालित होते हैं। भारी वाहनों के बीच आम नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएँ, कर्मचारी एवं व्यापारी आवागमन करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।



उन्होंने कहा कि वर्तमान में ट्रैफिक पुलिस द्वारा समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाया जाता है, लेकिन नियमित ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन लंबा जाम लग जाता है। इसके चलते आम लोगों के साथ-साथ एम्बुलेंस, स्कूली वाहन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी प्रभावित होते हैं।


ज्ञापन में जिला प्रशासन से प्रमुख मांगें रखी गई हैं, जिनमें सिरकी मोड़ से तिवरता, दीपका एवं गेवरा तक नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, जाम वाले स्थानों पर स्थायी यातायात प्रबंधन, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी, ट्रकों के लिए वैज्ञानिक ट्रैफिक प्लान तैयार करना, पुलिस, जिला प्रशासन, SECL एवं परिवहन विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित कर स्थायी समाधान निकालना तथा सड़क सुरक्षा अभियान को नियमित रूप से संचालित करना शामिल है।


उदय चौधरी ने कहा कि यह केवल ट्रैफिक व्यवस्था का मुद्दा नहीं बल्कि हजारों नागरिकों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।जारीकर्ता:उदय चौधरी सामाजिक कार्यकर्ता वार्ड क्रमांक–11, दीपका जिला–कोरबा (छत्तीसगढ़) मो.: 7999043699
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

