विजयनगर। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विजयनगर में उस समय भावुक माहौल देखने को मिला, जब विद्यालय के कर्मठ एवं अनुशासित भृत्य हरिराम पटेल ने शासकीय सेवा की अर्धवार्षिकीय पूर्ण कर सेवानिवृत्ति ली। उनके सम्मान में संकुल विजयनगर के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों द्वारा विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में श्री पटेल को श्रीफल, उपहार एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए सेवा काल के अनुभवों को साझा करते हुए उनके मिलनसार, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व को याद किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्य श्रीमती नीलू अवस्थी ने श्री हरिराम पटेल को कर्मठ, अनुशासित एवं मिलनसार कर्मचारी बताते हुए कहा कि वे विद्यालय के सभी आदेशों एवं निर्देशों का तत्परता से पालन करते रहे। उनके सेवानिवृत्त होने से विद्यालय में एक तरह का सूनापन महसूस होगा, यह कहते हुए प्राचार्य भावुक हो गईं।

वहीं सरपंच श्रीमती सुभद्रा कंवर ने श्री पटेल को परिवार के सदस्य के समान बताते हुए उनके सेवाकाल को याद किया। शिक्षिका श्रीमती वीणा पांडेय भी उनके साथ बिताए समय को याद करते हुए भावुक हो गईं।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने श्री पटेल को कर्मठ एवं आज्ञाकारी कर्मचारी बताते हुए कहा कि उम्र में वे उनसे मात्र दो माह छोटे हैं, लेकिन हमेशा उन्हें बड़े भाई का सम्मान दिया। उन्होंने श्री पटेल के आगामी जीवन के लिए स्वस्थ, सुखमय, सामाजिक, पारिवारिक एवं धार्मिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष दीपक कंवर ने भी श्री पटेल को योग्य एवं समर्पित कर्मचारी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में कमल मरकाम, श्रीमती संध्या रानी ठाकुर, श्रीमती मोनिका तिर्की, श्रीमती कृष्णा सिदार, श्रीमती लीली ग्रेस कुजूर सहित संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने श्री पटेल को शुभकामनाएं दीं।

🌱 विदाई समारोह में पर्यावरण संरक्षण का संदेशसमारोह को यादगार बनाने के लिए श्री हरिराम पटेल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में कुछ दिन पूर्व केक काटकर खुशी साझा की गई। इसके बाद सामूहिक भोज का आयोजन हुआ और विद्यालय परिसर में दो पौधों का रोपण भी किया गया।
प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने उन्हें अनार का पौधा, जबकि श्री पांडेय एवं श्रीमती ठाकुर ने करौंदे का पौधा भेंट किया। इस पहल ने विदाई समारोह को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से भी जोड़ दिया।कार्यक्रम में श्री हरिराम पटेल की धर्मपत्नी, पुत्र-पुत्री, बहू, नाती-पोते एवं साले सहित पूरा परिवार उपस्थित रहा।
अंत में छात्रसंघ की छात्रा कुमारी अनुष्का अनंत ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं परिजनों का आभार व्यक्त किया।सेवा से विदाई हुई, रिश्तों से नहीं—हरिराम पटेल के सम्मान समारोह में यही भाव पूरे कार्यक्रम में दिखाई दिया। 🌿— नवा छत्तीसगढ़ न्यूज़जनहित की खबर, जिम्मेदारी के साथ
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

