दीपका/कोरबा। सामाजिक कार्यकर्ता, व्हिसलब्लोअर एवं नवा छत्तीसगढ़ न्यूज़ के संपादक उदय चौधरी ने पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर को विस्तृत आवेदन प्रस्तुत कर थाना दीपका में दर्ज अपराध क्रमांक 193/2026 की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा उनकी पत्नी श्रीमती नेहा चौधरी को झूठे प्रकरण से मुक्त किए जाने की मांग की है।

आवेदन में उदय चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनके एवं उनकी पत्नी के विरुद्ध दर्ज एफआईआर पूरी तरह असत्य, दुर्भावनापूर्ण तथा लंबे समय से चल रहे पारिवारिक एवं पैतृक संपत्ति विवाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा संपत्ति विवाद में अनुचित लाभ प्राप्त करने तथा उन्हें मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से लगातार झूठी शिकायतें की जा रही हैं।

उदय चौधरी ने अपने आवेदन में पैतृक संपत्ति से संबंधित कई गंभीर अनियमितताओं की जांच की मांग की है। उन्होंने कथित फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी, वसीयत, फर्द बंटवारा, बैंक खातों से धन निकासी तथा हस्ताक्षरों में संभावित फर्जीवाड़े की स्वतंत्र जांच कराए जाने का आग्रह किया है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में भी उनके विरुद्ध झूठे आरोप लगाए गए थे, जिनमें माननीय न्यायालय द्वारा उन्हें दोषमुक्त किया गया था। उनके अनुसार यह घटनाक्रम दर्शाता है कि उन्हें लगातार झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जाता रहा है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि वे लंबे समय से जनहित, विस्थापन, भ्रष्टाचार एवं सामाजिक मुद्दों को उठाते रहे हैं। विशेष रूप से उन्होंने मलगांव विस्थापन, मुआवजा, रोजगार एवं अन्य जनहित मामलों में लगातार आवाज उठाई है। उनका आरोप है कि सामाजिक गतिविधियों एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष के कारण उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।


उदय चौधरी ने कहा कि उनकी पत्नी श्रीमती नेहा चौधरी का कथित घटना से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है, इसके बावजूद उन्हें आरोपी बनाया गया है। इससे यह प्रतीत होता है कि पूरे परिवार पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक से मांग की है कि प्रकरण की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा जिले से बाहर के अधिकारी से कराई जाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, स्वतंत्र गवाहों एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए।

आवेदन में यह भी मांग की गई है कि जांच पूर्ण होने तक उनके एवं उनकी पत्नी के विरुद्ध किसी प्रकार की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई न की जाए तथा यदि शिकायत झूठी और दुर्भावनापूर्ण पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उदय चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया है कि निष्पक्ष जांच होने पर सत्य सामने आएगा तथा उन्हें और उनके परिवार को न्याय प्राप्त होगा।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

