दीपका – ग्राम पंचायत बेटिकरी के वार्ड क्रमांक 5 एवं 6 के पंच श्रीमती ज्योति मांडवी, श्रीमती मंजूलता नायक तथा क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों—श्री खगेंद्र कौशिक, मोनू नायक, ओमप्रकाश श्रीवास, पिंटू सिंह आदि—ने क्षेत्र में सड़क एवं नाली निर्माण की मांग को लेकर माननीय विधायक श्री प्रेमचंद पटेल जी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले 20-25 वर्षों से क्षेत्र में सड़क एवं नाली का निर्माण नहीं हुआ है, जिसके कारण सड़क और नाली पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 5, गली नंबर 11 की स्थिति अत्यंत खराब है, जहां एक तरफ नाली का निर्माण ही नहीं किया गया है। इस संबंध में ग्राम सभा में सरपंच को भी आवेदन दिया जा चुका है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह पंचायत एसईसीएल का गोद ग्राम होने के बावजूद बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। वहीं कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा नाली के ऊपर अतिक्रमण कर घर बना लेने से समस्या और बढ़ गई है।

आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा सरस्वती ज्ञान मंदिर के पास बनी अच्छी नाली को तोड़कर अधूरी नाली का निर्माण किया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है। पंचायत सचिव द्वारा राशि की कमी का हवाला दिया जा रहा है, जिस पर ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि पर्याप्त राशि नहीं होने पर कार्य प्रारंभ क्यों किया गया।
अधूरी नाली के कारण गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। स्कूल के बच्चे और पालक इस समस्या से परेशान हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नाली में कीचड़ और गड्ढों के कारण संतोष चौहान (वार्ड पंच), प्रशांत मिश्रा (विश्व हिन्दू परिषद नेता) तथा वार्ड के पिन्टू यादव जी की कार तक फंस गई, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला गया।
विधायक श्री प्रेमचंद पटेल जी ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

