कोरबा जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। दीपका क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग वर्षों से रह रहे हैं जिन्होंने विभिन्न परिस्थितियों और मजबूरियों में ज़मीन पर अपने घर बनाए।
अनेक मामलों में भूमि का वास्तविक उपयोग और कब्ज़ा किसी और के पास है, जबकि राजस्व दस्तावेज़ों में स्वामित्व किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है। यह एक ऐसी हकीकत है जिसे नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।इसी प्रकार, SECL द्वारा बसाए गए विस्थापित गांवों में भी हजारों परिवार वर्षों से निवास कर रहे हैं। इनमें ऐसे अनेक परिवार हैं जिन्होंने आपसी सहमति या स्थानीय व्यवस्थाओं के आधार पर मकान बनाए, लेकिन आज भी उनके पास भूमि के वैध स्वामित्व संबंधी दस्तावेज़ नहीं हैं।

इसका एक बड़ा कारण क्षेत्र में सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के लिए उपलब्ध भूमि की कमी भी रही है।सबसे गंभीर प्रश्न यह है कि जिन गांवों को SECL ने बसाया, उनकी ज़मीन का मालिकाना अधिकार दस्तावेज़ों के अनुसार आज भी SECL के पास है।
विस्थापित परिवारों को रहने के लिए स्थान तो दिया गया, लेकिन अधिकांश मामलों में भूमि का स्वामित्व प्रदान करने वाले दस्तावेज़ उपलब्ध नहीं कराए गए। यदि भविष्य में SECL को इन ज़मीनों की आवश्यकता पड़ती है, तो वर्तमान कानूनी व्यवस्था के अंतर्गत उन्हें खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। ऐसे में मूल विस्थापित परिवारों और बाद में वहाँ बसे अन्य परिवारों की स्थिति अलग-अलग हो सकती है।
इसीलिए इस पूरे विषय पर कानूनी स्पष्टता, सार्वजनिक चर्चा और स्थायी समाधान की आवश्यकता है। वर्षों से बसे परिवारों के अधिकार, सुरक्षा और भविष्य को लेकर स्पष्ट नीति बनाई जानी चाहिए।
यदि वास्तव में लोगों को मालिकाना हक़ नहीं मिला है, तो यह केवल स्थानीय नहीं बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर चर्चा का विषय है।आज यदि आप किसी और के घर पर बुलडोज़र चलते देखकर मौन हैं, तो यह भी समझिए कि कल ऐसी स्थिति आपके सामने भी आ सकती है।
क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग विभिन्न परिस्थितियों में ऐसी ही ज़मीनों पर निवास कर रहे हैं। इसलिए यह केवल कुछ परिवारों का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य और सुरक्षा का प्रश्न है।मानवीय संवेदनाओं और कानूनी अधिकारों—दोनों के बीच संतुलन बनाकर ही इस समस्या का न्यायपूर्ण और स्थायी समाधान संभव है।
उदय चौधरी (सामाजिक कार्यकर्ता )
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

