दीपका/कोरबी (धतूरा)। ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा संचालित 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत दीपका एवं कोरबी (धतूरा) क्षेत्र के तीन विद्यालयों में नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के अंतर्गत सर्वमंगला स्कूल दीपका, शासकीय मिडिल स्कूल बेलटिकरी बसाहट तथा शासकीय स्कूल कोरबी (धतूरा) में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज गेवरा सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने विद्यार्थियों को मेडिटेशन की गहन अनुभूति कराई। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ ने परमात्मा को साक्षी मानकर नशे से दूर रहने तथा आजीवन नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा ली।

करीब 1000 बच्चों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
तीनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1000 विद्यार्थियों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराई गई। विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ ने भी नशे से स्वयं दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

मेडिटेशन के माध्यम से सकारात्मक जीवन का संदेश
ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त जीवन के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ सकारात्मक सोच और आत्मिक शक्ति आवश्यक है। मेडिटेशन व्यक्ति को स्वयं पर नियंत्रण रखने और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायता करता है।

कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज संस्था से जुड़े भाई-बहन भी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

स्कूल स्टाफ ने भी लिया संकल्प
तीनों विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ स्कूल स्टाफ की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही। शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी नशे से दूर रहने तथा बच्चों और समाज में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

ब्रह्माकुमारीज के इस अभियान के माध्यम से विद्यालयों में बच्चों के बीच नशामुक्त जीवन, आत्म-संयम, सकारात्मक सोच और स्वस्थ समाज का संदेश पहुंचाया गया। करीब एक हजार बच्चों द्वारा लिया गया यह सामूहिक संकल्प नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

