बेलटिकरी, 06 अगस्त 2026। शासकीय मिडिल स्कूल बेलटिकरी बसाहट एवं ब्रह्माकुमारीज संस्था के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन, संचालिका ब्रह्माकुमारीज गेवरा ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार एवं समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। इसलिए विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यालय के तकरीबन 95 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, नशे का सेवन नहीं करने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की प्रतिज्ञा ली।

ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने भी नशामुक्ति जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि बचपन से ही बच्चों में नशे के विरुद्ध जागरूकता पैदा करना स्वस्थ एवं संस्कारवान समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित ब्रह्माकुमारीज संस्था के प्रतिनिधि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

