कोरबा, 01 जून 2026।कोरबा जिले के ग्राम मलगांव, हरदी-बाजार (दीपका) निवासी राजेश कुमार जायसवाल ने अपने पिता स्वर्गीय उदय नारायण जायसवाल (उम्र 81 वर्ष) की अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर में उपचार के दौरान हुई मृत्यु को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

राजेश कुमार जायसवाल के अनुसार उनके पिता को 14 अप्रैल 2026 को दाहिने पैर में दर्द की शिकायत होने पर अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनका उपचार जारी था, लेकिन 27 अप्रैल 2026 को उनकी रहस्यमय एवं संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली एवं उपचार प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा मृत्यु के वास्तविक कारणों के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। परिवार को आशंका है कि उपचार के दौरान हुई लापरवाही के कारण यह घटना घटित हुई हो सकती है।

उन्होंने मांग की है कि अस्पताल में भर्ती होने से लेकर मृत्यु तक की सम्पूर्ण चिकित्सकीय प्रक्रिया, उपचार संबंधी दस्तावेजों तथा संबंधित चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।इस संबंध में राजेश कुमार जायसवाल ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, संभागायुक्त बिलासपुर, जिला कलेक्टर बिलासपुर, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर तथा थाना प्रभारी सरकंडा को आवेदन प्रेषित कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत एफआईआर दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने कहा है कि उन्हें न्यायिक एवं प्रशासनिक जांच पर पूर्ण विश्वास है तथा वे चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सत्य को सामने लाया जाए और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या दोष सिद्ध होता है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.




