कोरबा। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विजयनगर में शिक्षा, सामाजिक सेवा और जनसहभागिता का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। विद्यालय परिसर में भव्य न्यौता भोज एवं हुसैनी सेना ग्रुप दीपका के सहयोग से 120 छात्र-छात्राओं को छाता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का आयोजन ग्राम बिंझरा के समाजसेवी ठाकुर सिंह कंवर के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय मुख्य अतिथि तथा जनपद सदस्य भैयाराम कंवर, सरपंच सुभद्रा कंवर एवं हुसैनी सेना ग्रुप के प्रमुख तनवीर अहमद विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित थे।

हालांकि जिला कलेक्टर कोरबा द्वारा आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के कारण अधिकांश अधिकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


कार्यक्रम के दौरान हुसैनी सेना ग्रुप दीपका, प्रधान पाठक सर्वेश सोनी एवं सहयोगियों के संयुक्त प्रयास से 120 विद्यार्थियों को छाते वितरित किए गए। वहीं कुछ जरूरतमंद बच्चों को जूते भी भेंट किए गए। विद्यार्थियों के लिए आयोजित न्यौता भोज में पूरी, खीर, छोले, दाल-चावल, टमाटर की चटनी, पापड़ और सलाद सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए।


कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने किया। वहीं प्राचार्य नीलू अवस्थी ने भी स्वल्पाहार की व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया, जिसे विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धजाराम चौहान एवं दीपक कंवर ने विद्यालय के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।

विशिष्ट अतिथि तनवीर अहमद ने प्रधान पाठक सर्वेश सोनी द्वारा पिछले 16 वर्षों से विद्यालय विकास, विद्यार्थियों के हित एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित सेवानिवृत्ति के बाद ऐसे समर्पित शिक्षक की कमी विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश को महसूस होगी।



हुसैनी सेना ग्रुप के सद्दाम खान, नबीब और इसरार ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।इस अवसर पर हाईस्कूल एवं मिडिल स्कूल के शिक्षकों द्वारा अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धजाराम चौहान ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।



कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती लीली ग्रेस कुजूर, डॉ. अनिता पटेल, हरिराम पटेल, चैनराम यादव, आनंद यादव, इंजोर सिंह यादव, नकुल यादव, मुस्कान कंवर, श्रीमती सरिता कंवर, श्रीमती कांति कंवर, श्रीमती धरमबाई, श्रीमती ज्योति यादव सहित अनेक शिक्षकों, ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय योगदान दिया।


Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

