कोरबा/दीपका।
नगर पालिका परिषद दीपका में कथित भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग एवं जनता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ के जिलाध्यक्ष एवं स्वतंत्र पत्रकार उदय चौधरी ने जिला कलेक्टर कोरबा को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा हाल ही में लगभग 14 परिवारों को घर एवं मंदिर तोड़े जाने संबंधी नोटिस जारी किया गया। उक्त नोटिस का आधार वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद अविनाश सिंह राजपूत द्वारा की गई कथित झूठी शिकायत को बनाया गया। आरोप है कि बिना किसी जांच, बिना सीमांकन एवं बिना किसी वैधानिक पुष्टि के नगर पालिका प्रशासन द्वारा नोटिस जारी कर पीड़ित परिवारों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार जनदर्शन के दौरान भी कुछ पीड़ितों ने कलेक्टर के समक्ष ब्लैकमेलिंग जैसी स्थिति उत्पन्न किए जाने की शिकायत की थी। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष एवं पत्रकार उदय चौधरी के बीच हुई टेलीफोनिक बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग में भी यह स्पष्ट होने का दावा किया गया है कि बिना किसी ठोस जांच के केवल पार्षद की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई।
मामले में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगे जाने पर आवेदन निरस्त कर दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि इससे नगर पालिका के कथित भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास किया गया। साथ ही आरोप लगाया गया है कि मामले को उजागर करने के बाद पत्रकार उदय चौधरी की पत्नी एवं बच्चों पर हमला भी करवाया गया।
उदय चौधरी ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर झूठी शिकायत करने वाले वार्ड पार्षद अविनाश सिंह राजपूत, तथा बिना जांच नोटिस जारी करने वाले नगर पालिका अध्यक्ष एवं सी.एम.ओ. के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिकायत के साथ नगर पालिका द्वारा जारी नोटिस, पार्षद की शिकायत पत्र की प्रति एवं टेलीफोनिक बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग को संलग्न किए जाने की जानकारी दी गई है।


Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.




