कोरबा।छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के युवा सामाजिक कार्यकर्ता राजकमल यादव एवं चंद्रशेखर पांडे द्वारा संचालित “जंगल, जीव एवं जनअधिकार यात्रा” अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के जंगलों, वन्यजीवों, पर्यावरण संरक्षण तथा जल, जंगल और जमीन से जुड़े जनअधिकारों के प्रति जनजागरण करना रहा है।

यात्रा के समापन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से दोनों युवाओं ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से सौजन्य भेंट कर अभियान की अब तक की उपलब्धियों, जनसमर्थन तथा भविष्य की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने दोनों युवाओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके सामाजिक सरोकारों एवं जनहित में किए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब पर्यावरण संरक्षण, वन अधिकार और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दे अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, तब ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणा का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित के लिए बिना किसी स्वार्थ के किया गया कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए उदाहरण बनता है।श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं द्वारा जंगल, जीव एवं जनअधिकार जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर चलाया जा रहा यह अभियान निश्चित रूप से प्रदेश के इतिहास में याद रखा जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के व्यापक हित में किए जा रहे ऐसे प्रयास भविष्य में जनआंदोलन का स्वरूप भी ले सकते हैं और इससे लोगों में अपने अधिकारों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा होगी।

भेंट के दौरान दोनों युवाओं ने इच्छा व्यक्त की कि इस ऐतिहासिक यात्रा का समापन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी से भेंट कर किया जाए, ताकि यात्रा के दौरान प्राप्त अनुभवों, जनभावनाओं तथा जंगल, वन्यजीव एवं जनअधिकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उनके समक्ष रखा जा सके।
इस पर श्री भूपेश बघेल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए बताया कि उन्होंने श्री राहुल गांधी से इस संबंध में चर्चा कर उनसे समय का अनुरोध किया है। समय मिलने के उपरांत यात्रा के समापन कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी।पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राजकमल यादव एवं चंद्रशेखर पांडे के समर्पण, साहस और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने दोनों युवाओं को पुरस्कार स्वरूप कुछ राशि भी भेंट की और कहा कि समाजहित में कार्य करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में भी इसी निष्ठा और ऊर्जा के साथ जनहित के कार्य करते रहें।इस सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए राजकमल यादव और चंद्रशेखर पांडे ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का सम्मान है जिन्होंने इस यात्रा के माध्यम से जंगल, जीव एवं जनअधिकार की आवाज़ को मजबूत बनाने में सहयोग दिया।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ से नहीं, बल्कि समाज, पर्यावरण और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण करना है।दोनों युवाओं ने विश्वास व्यक्त किया कि यात्रा के समापन के बाद भी जंगल, जीव एवं जनअधिकार से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष और जनजागरण अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य आगे भी चलता रहेगा।
Uday Kumar serves as the Editor of Nawa Chhattisgarh, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering local, regional, and national developments.

